Categories
Archives

कनक मंजरी छंद

“गोपी विरह”

तन-मन छीन किये अति पागल,
हे मधुसूदन तू सुध ले।
श्रवणन गूँज रही मुरली वह,
जो हम लीं सुन कूँज तले।।
अब तक खो उस ही धुन में हम,
ढूंढ रहीं ब्रज की गलियाँ।
सब कुछ जानत हो तब दर्शन,
देय खिला मुरझी कलियाँ।।

द्रुम अरु कूँज लता सह बातिन,
में हर गोपिण पूछ रही।
नटखट श्याम सखा बिन जीवित,
क्यों अब लौं, निगलै न मही।।
विहग रहे उड़ छू कर अम्बर,
गाय रँभाय रहीं सब हैं।
हरित सभी ब्रज के तुम पादप,
बंजर तो हम ही अब हैं।।

मधुकर एक लखी तब गोपिन,
बोल पड़ीं फिर वे उससे।
भ्रमर कहो किस कारण गूँजन,
से बतियावत हो किससे।।
इन परमार्थ भरी कटु बातन,
से कछु काम नहीं अब रे।
रख अपने तक ज्ञान सभी यह,
भूल गईं सुध ही जब रे।।

मधुकर श्यामल मोहन श्यामल,
तू न कहीं छलिया वह ही।
कलियन रूप चखे नित नूतन,
है गुण श्याम समान वही।।
परखन प्रीत हमार यहाँ यदि,
रूप मनोहर वो धर लें।
यदि न कहो उनसे झट जा कर,
दर्श दिखा दुख वे हर लें।।
=================

कनक मंजरी छंद विधान –

प्रथम रखें लघु चार तबै षट “भा” गण संग व ‘गा’ रख लें।
सु’कनक मंजरि’ छंद रचें यति तेरह वर्ण तथा दश पे।।

लघु चार तबै षट “भा” गण संग व ‘गा’ = 4 लघु + 6भगण (211) + 1 गुरु।

1111+ 211+ 211+ 211, 211+ 211+ 211+ 2 = कुल 23 वर्ण की वर्णिक छंद।

शैलसुता छंद विधान – इसी छंद में जब यति की बाध्यता न हो तो यही “शैलसुता छंद” कहलाती है।
*********

वर्णिक छंद के विषय में जानने के लिए यहाँ क्लिक करें —-> (वर्णिक छंद परिभाषा)

बासुदेव अग्रवाल ‘नमन’ ©
तिनसुकिया

4 Responses

  1. इस मधुर छंद कनक मंजरी में जब कृष्ण वृंदावन छोड़कर चले गये तब गोपियों के हृदय की विरह अवस्था का बहुत मार्मिक वर्णन हुआ है।

  2. कनकमंजरी छंद में गोपियों की विरह वेदना का सांगोपांग वर्णन किया है आपने इस वर्णिक कठिन छंद में। अद्भुत लेखन।
    वाहः अति प्रसंसनीय सृजन हेतु हार्दिक बधाई आपको।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *