Categories
Archives

रति छंद

“प्यासा मन-भ्रमर”

मन मोहा, तन कुसुम सम तेरा।
हर लीन्हा, यह भ्रमर मन मेरा।।
अब तो ये, रह रह छटपटाये।
कब तृष्णा, परिमल चख बुझाये।।

मृदु हाँसी, जिमि कलियन खिली है।
घुँघराली, लट-छवि झिलमिली है।।
मधु श्वासें, मलय-महक लिये है।
कटि बाँकी, अनल-दहक लिये है।।

मतवाली, शशि वदन यह गोरी।
मृगनैनी, चपल चकित चकोरी।।
चलती तो, लख हरिण शरमाये।
यह न्यारी, छवि न वरणत जाये।।

लगते हैं, अधर पुहुप लुभाये।
अब सारे, मिल यह मन जलाये।।
मन भौंरा, निरखत डगर तेरी।
मिल ने को, बिलखत कर न देरी।।
===============

रति छंद विधान –

‘रति’ छंदा’, रख गण “सभनसागे”।
यति चारा, अरु नव वरण साजे।।

“सभनसागे” = सगण भगण नगण सगण गुरु

( 112  2,11  111  112  2) = 13 वर्ण का वर्णिक छंद, यति 4-9 वर्णों पर,
4 पद, दो-दो पद समतुकांत।

वर्णिक छंद परिभाषा
*****************

बासुदेव अग्रवाल ‘नमन’ ©
तिनसुकिया

4 Responses

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *