Categories
Archives

तोटक छंद

“विरह”

सब ओर छटा मनभावन है।
अति मौसम आज सुहावन है।।
चहुँ ओर नये सब रंग सजे।
दृग देख उन्हें सकुचाय लजे।।

सखि आज पिया मन माँहि बसे।
सब आतुर होयहु अंग लसे।।
कछु सोच उपाय करो सखिया।
पिय से किस भी विध हो बतिया।।

मन मोर बड़ा अकुलाय रहा।
विरहा अब और न जाय सहा।।
तन निश्चल सा बस श्वांस चले।
हर आहट को सुन ये दहले ।।

जलती यह शीत बयार लगे।
मचले मचले कुछ भाव जगे।।
बदली नभ की न जरा बदली।
पर मैं बदली अब हो पगली।।
=============
तोटक छंद विधान – (वर्णिक छंद परिभाषा)

जब द्वादश वर्ण “ससासस” हो।
तब ‘तोटक’ पावन छंदस हो।।

“ससासस” = चार सगण
112 112 112 112 = 12 वर्ण की वर्णिक छंद। चार चरण दो- दो या चारों चरण समतुकान्त।
******************

बासुदेव अग्रवाल ‘नमन’ ©
तिनसुकिया

6 Responses

  1. अति सुन्दर, सरल भाषा में छंद ज्ञान प्रस्तुत करता पृष्ठ, श्रीमन्त वासुदेव अग्रवाल जी को सादर प्रणाम, बधाई, शुभकामनाएं और साधुवाद।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *